Top NewsUttar Pradeshलखनऊ

गोरखपुर—फूलपुर में करारी हार के बाद राज बब्बर ने दिया इस्तीफा

लखनऊ। राज बब्बर ने यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने यह इस्तीफा पार्टी आलाकमान राहुल गांधी को सौंप दिया है। लेकिन अगले प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान होने तक राज बब्बर प्रदेश में पार्टी का कामकाज देखते रहेंगे, हालांकि पार्टी की तरफ से इस्तीफे पर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन सूत्रों की मानें तो बहुत ही जल्द यूपी के नए पार्टी अध्यक्ष के साथ उनकी टीम का ऐलान किया जाएगा।

गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी का खराब प्रदर्शन का असर कहें या फिर राष्ट्रीय अधिवेशन में चिंतन-मंथन से पार्टी की दुर्गति पर लिया गया फैसला। मंगलवार 20 मार्च को यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से राजबब्बर ने इस्तीफा दे दिया। राज बब्बर ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को इस्तीफा सौंप दिया है। राज बब्बर का इस्तीफा मंजूर होना बाकी है, लिहाजा हाईकमान ने राज बब्बर को नए प्रदेश अध्यक्ष के ऐलान होने तक उत्तर प्रदेश में पार्टी का काम देखने का निर्देश दिया है।

वहीं सूत्रों की मानें तो यूपी कांग्रेस कमेटी के लिए दिल्ली हाईकमान जल्द नए प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ उनकी टीम का भी ऐलान करेगी। चर्चा है कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के जरिए वोट बैंक को भी साधने की कोशिश करेगी। खबर है कि यूपी कांग्रेस कमेटी की कमान ब्राह्मण नेता को दी जा सकती है।

वैसे बता दें कि ये यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से राजबब्बर का इस्तीफा हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए चौंकाने वाला नहीं था। राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद से ही उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में पार्टी के नेतृत्व में बदलाव तय हो गया था। खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस ओर इशारा कर चुके थे। राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान भी राहुल गांधी ने प्रदेश में पार्टी की बदहाली पर नेतृत्व बदलाव की ओर इशारा किया था।

राजबब्बर के इस्तीफे के बाद यूपी में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी के दावेदारों के नामों पर भी चर्चा तेज हो गई है। जातिगत आंकड़ों को देखते हुए पार्टी इस बार यूपी में ब्राह्मण चेहरे को पार्टी की कमान सौंप सकती है। लिहाजा पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद इसके प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। जितिन प्रसाद जहां एक तरफ ब्राह्मण नेता है वहीं, दूसरी ओर राहुल टीम के सबसे काबिल सिपहसालारों में से एक हैं। वहीं जितिन प्रसाद के साथ ही पूर्व विधायक ललितेश त्रिपाठी व पूर्व सांसद राजेश मिश्रा का भी सुर्खियों में है।

बता दें कि एक अध्यक्ष और चार उपाध्यक्षों की तैनाती के दम पर कांग्रेस मिशन 2019 का आगाज करेगी। माना जा रहा है यूपी में पार्टी को मजबूती देने के लिए चार उपाध्यक्ष प्रदेश के 4 हिस्सों में जिम्मेदारी निभाएंगे। यह उनकी 2019 में कठिन परीक्षा भी होगी। जातिगत समीकरण और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए कांग्रेस पार्टी मिशन 2019 की तैयारी में लग गई है।

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar