नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा इटली के टसकनी में एक दूसरे से सात जन्मों तक साथ निभाने का फैसला कर लिया। दोनों ने इसका ऐलान ट्विटर पर शादी की तस्वीर डालते हुए किया।
विराट-अनुष्का ने टसकनी शहर के बोर्गो फिनोशिटो रिजॉर्ट में शादी की। यह रिजॉर्ट मिलान शहर से करीब 4-5 घंटे की दूरी पर है। ये जगह 800 साल पुराने एक गांव को रेनोवेट कर बनाई गई है। इस गांव को पूरी तरह नया लुक देकर अब यहां शादियां करवाई जाती हैं।
कोहली ने शादी की जानकारी देते हुए ट्विटर पर लिखा, “हम यह खबर आपसे साझा करना चाहते हैं। दोस्तों, परिजनों और प्रशंसकों की दुआओं के कारण यह दिन और भी खास बन गया। हमारे सफर का अहम हिस्सा बने रहने के लिए धन्यवाद।” विराट और अनुष्का ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा भी कीं।
एक तस्वीर में विराट अपने परिजनों और अनुष्का के साथ सेल्फी ले रहे हैं और दूरी में दोनों फेरे के दौरान हंस रहे हैं। एक और तस्वीर साझा की गई है, जिसमें अनुष्का वरमाला के दौरान विराट के गले में माला डालने का प्रयास कर रही हैं लेकिन विराट के एक दोस्त ने उन्हें गोद में उठाकर इस ऊंचाई तक पहुंचा दिया है कि अनुष्का माला नहीं पहना पा रही हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।