Sports

एचआईएल : पंजाब ने रांची को हराया

hokey

चंडीगढ़| मिंक वान डर वीर्डन द्वारा किए गए इकलौते गोल की बदौलत पंजाब वॉरियर्स ने कोल इंडिया हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में गुरुवार को पूर्व चैम्पियन रांची रेज को कड़े मुकाबले में 1-0 से मात दी। रांची मैच में अधिकांश समय मैदान पर नियंत्रण बनाए रखने में सफल रहा, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके।

इस जीत के साथ पंजाब वॉरियर्स के 16 अंक हो गए हैं, हालांकि छह टीमों की अंकतालिका में दोनों टीमों के स्थानों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। रांची तीसरे और पंजाब चौथे स्थान स्थान पर बने हुए हैं।

घरेलू दर्शकों के सामने खेल रही पंजाब ने आक्रामक शुरुआत की। तीसरे मिनट में ही पंजाब ने गोल का मौका बनाया, लेकिन रांची के गुरबाज ने उन्हें बीच में ही रोक दिया।

धीरे-धीरे रांची मैच पर हावी होने लगी। इस बीच एश्ले जैक्शन और क्रिस्टोफर रुहर ने तेज आक्रमण किया, लेकिन पंजाब की रक्षापंक्ति ने इन दोनों दिग्गजों को रोक दिया।

पंजाब ने आक्रमण के साथ बेहतरीन रक्षापंक्ति के जरिए रांची को गोल से महरूम रखा, हालांकि रांची ने भी इस क्वार्टर में मेजबानों को गोल नहीं करने दिया और हर मामले में उससे एक कदम आगे रही।

रांची को 17वें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन रुहर गेंद को गोलपोस्ट से बाहर खेल बैठे। रांची ने पंजाब पर दवाब बनाए रखा, लेकिन पंजाब ने उसे हावी नहीं होने दिया।

पंजाब को अपना पहला पेनाल्टी कॉर्नर 24वें मिनट में मिला जिसे मिंक ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। पंजाब 1-0 से बढ़त ले चुका था।

एक गोल से पीछे चल रही रांची ने तीसरे हाफ में बारबरी की कोशिश की, लेकिन सामंजस्य की कमी के कारण वह मौके नहीं बना सकी। रुहर कई बार अकेले रह गए और साथी खिलाड़ी की कमी के कारण वह गोल नहीं कर पाए, इसकी नाराजगी उनके चेहरे पर भी साफ दिखी।

40वें मिनट में रांची को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जैक्शन दोनों बार असफल रहे। इस हाफ में भी रांची ने गेंद अधिकतर समय अपने पास रखी लेकिन वह इसे अंजाम तक नहीं पहुंचा सके।

46वें मिनट में पंजाब को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर मिंक ने गेंद को नेट में डाला, लेकिन रांची ने इस पर वीडियो रेफरल मांगा और रेफरी ने इस गोल को नकार दिया।

पांच मिनट बाद रांची के हिस्से में भी पेनाल्टी कॉर्नर आया लेकिन विविधता की कोशिश में गेंद गोलपोस्ट के करीब तक भी नहीं पहुंच पाई। रांची को 57वें मिनट में फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन पंजाब के गोलकीपर क्लमोंस ने शानदार बचाव करते हुए रांची को बराबरी करने से महरूम रखा और अपनी टीम को जीत दिलाई।

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar