NationalTop News

महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव का एलान, 21 अक्टूबर को होगा मतदान, 24 को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली। महाराष्ट्र, हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे और मतों की गणना 24 अक्टूबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने एक प्रेस वार्ता में शनिवार को यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटें हैं, जबकि हरियाणा विधानसभा की 90 सीटें है। दोनों राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए 27 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 4 अक्टूबर को नामांकन का अंतिम दिन होगा। 7 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। दोनों राज्यों में एक ही चरण में 21 अक्टूबर को मतदान होगा और 24 अक्टूबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 21 अक्टूबर को बिहार की पांच, उत्तरप्रदेश की 11 , मध्यप्रदेश की एक, अरुणाचल प्रदेश की एक, असम की चार, छत्तीसगढ़ की एक , हिमाचल प्रदेश की दो, गुजरात की चार, कर्नाटक की 15, केरल की पांच, मेघालय की एक, ओडिशा की एक, राजस्थान की दो, पंजाब की चार, सिक्किम की तीन, तमिलनाडु की दो, तेलंगाना की एक और पुडुचेरी की एक सीट मिलाकर कुल 64 सीटों पर उपचुनाव होगा। इनका नतीजा भी 24 अक्टूबर को ही आएगा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान के निधन से खाली हुई बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर भी मतदान किया जाएगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH