NationalTop News

NASA ने की ISRO के चंद्रयान मिशन की तारीफ, कहा- आपकी यात्रा ने हमें प्रेरित किया

नई दिल्ली। इसरो के चंद्रयान-2 मिशन की अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने भी तारीफ की है। नासा ने लिखा है, ‘अंतरिक्ष कठिन है, हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ISRO के चंद्रयान-2 मिशन को उतारने के प्रयास की सराहना करते हैं, आपने हमें अपनी यात्रा से प्रेरित किया है।’ वहीँ,  यूएई की स्पेस एजेंसी ने इसरो को अंतरिक्ष क्षेत्र में रणनीतिक खिलाड़ी बताते हुए ट्वीट किया, “हम इसरो को अपने पूर्ण समर्थन का आश्वासन देते हैं। भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में एक रणनीतिक खिलाड़ी साबित हुआ और इसके विकास और उपलब्धियों में भागीदार है।”

आपको बता दें कि चांद की सतह से 2.1 किमी की ऊंचाई पर विक्रम अपने तय रास्ते से भटक गया और इसरो से इसका संपर्क टूट गया। हालांकि इसरो ने मिशन चंद्रयान-2 को काफी हद तक सफल बताया है। इसरो अध्यक्ष के सिवन ने कहा, ‘चंद्रयान-2 मिशन अपने लक्ष्य में 100 फीसदी सफलता के करीब रहा। यह मिशन नाकाम नहीं है, हम पहले से जारी अभियानों में व्यस्त हैं और चंद्रयान-2 के बाद गगनयान मिशन पर पूर्व निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक काम जारी रहेगा। गगनयान समेत इसरो के बाकी मिशन तय समय पर होंगे।’

इस दौरान इसरो चीफ ने कहा, ‘अगले 14 दिनों में विक्रम लैंडर से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जाएगी। विक्रम लैंडर का आखिरी चरण ठीक नहीं रहा, जिसकी वजह से विक्रम से हमारा संपर्क टूटा। एक बार विक्रम से हमारा लिंक टूटा तो फिर स्थापित नहीं हो सका।’ इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीद की किरण अभी बाकी है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH