मुंबई। ईद के मौके पर रिलीज़ हुई ‘भारत’ ने सिनेमाघरों में खूब धूम मचाई हुई है। इस फिल्म में दिशा पहली बार सलमान खान के साथ परदे पर नज़र आईं हैं। फिल्म में फैंस को दिशा का एक अलग अंदाज़ देखने को मिला। फिल्म की शानदार ओपनिंग के बाद दिशा अपने बर्थडे सेलिब्रेशन की तैयारियों में लग गई हैं। दिशा का बर्थडे 13 जून को होता है लेकिन उनके बर्थडे के कुछ दिन पहले ही उनके फैंस ने उन्हें सरप्राइज दिया है।
सभी को पता है की दिशा पटानी काफी फूडी है। इस बात को ध्यान में रखते हुए उनके फैंस उनकी फेवरेट बेकरी केक लाए थे और साथी ही उन्होंने दिशा को एक कार्ड भी गिफ्ट किया, जिसपर उनके लिए बर्थडे विशिज़ लिखी थीं और उनकी फिल्म भारत के लिए दुआएं थी। इस बात की जानकारी खुद दिशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से दी। दिशा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा , ‘ आप सभी बहुत प्यारे हैं, आपने मेरा दिन काफी अच्छा बना दिया।’ उन्होंने अपनी ख़ुशी स्टोरीज के जरिए ज़ाहिर की। दिशा ने अपनी स्टोरी पर कार्ड की फोटो भी शेयर की।
‘भारत’ में दिशा की एक्टिंग को काफी सराहना मिली है। इस फिल्म में दिशा ने ‘राधा’ की भूमिका बखूबी निभाई है। बता दें कि दिशा इससे पहले एमएस धोनी, बागी 2 जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुकी हैं। एमएस धोनी के लिए उन्हें स्टार स्क्रीन आवार्ड, स्टार डस्ट अवार्ड, इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकैडमी अवार्ड में बेस्ट फीमेल डेब्यू से नवाज़ा गया था। दिशा 2020 में एक्टर आदित्य रॉय कपूर के साथ फिल्म ‘मलंग’ में नज़र आएंगी।