लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें डिंपल यादव और जया बच्चन का नाम शामिल है। मैनपुरी से तेजप्रताप का टिकट काटने के बाद भी उन्हें स्टार प्रचारक की सूची में रखा गया है लेकिन मुलायम सिंह यादव को इस सूची में जगह नहीं दी गई है।
सपा की स्टार प्रचारकों की सूची में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, राम गोपाल यादव, राजेंद्र चौधरी, आजम खान, रामगोविंद चौधरी, अहमद हसन, सुरेन्द्र नागर, तेजप्रताप यादव, जावेद अली, विशम्भर निषाद, नरेश उत्तम, मनोज पारस, महबूब अली, राजपाल कश्यप, शाहिद मंजूर, संजय लाठर समेत 40 लोगों को शामिल किया गया है।
बता दें कि मुलायम सिंह यादव को पार्टी ने मैनपुरी से टिकट दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुलायम सिर्फ पर्चा दाखिल करने ही मैनपुरी जाएंगे। वे अपनी सीट पर भी चुनाव प्रचार में शामिल नहीं होंगे। पार्टी अधिकारियों के अनुसार ‘नेता जी’ के लिए जनता खुद प्रचार करेगी।