भोपाल। मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नामी डॉक्टर ने अपने ड्राइवर की हत्या कर दी। डॉक्टर ने शव के 500 से ज्यादा टुकड़े किए थे। वह इन टुकड़ों को बाल्टी, कड़ाही, भगोनों में डालकर गलाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि इस दौरान पड़ोस में रहने वाले लोगों को अजीब गंध आनी शुरू हो गई। लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि डॉक्टर को शक था कि ड्राइवर का उसकी पत्नी से अवैध संबंध था। इस बात से डॉक्टर पिछले कई दिनों से गुस्से में था। उसका ड्राइवर से इस बात को लेकर विवाद भी हुआ था। जिसके बाद डॉक्टर ने उसकी हत्या कर दी।
घटना होशंगाबाद के आनंदनगर इलाके की है। पुलिस ने बताया कि ऑर्थोपेडिक सर्जन सुनील मंत्री ने अपने ड्राइवर वीरू की हत्या कर दी। डॉक्टर को शक था कि उसकी पत्नी और ड्राइवर के बीच अवैध संबंध थे। हालांकि उसकी पत्नी की मौत काफी पहले ही हो गई थी। हत्या से पहले डॉक्टर ने वीरू को नशे का इंजेक्शन लगाया। इसके बाद वह उसे घसीटकर बाथरूम में ले गया और उसका गला रेत दिया। ड्राइवर को मारने के बाद उसने आरी से उसके शरीर के कई टुकड़े किए। इसके बाद उसने घर के बर्तनों में उन टुकड़ों को डाला और फिर उनमें एसिड डाल दिया।
बॉडी पार्ट्स को डिकंपोज करने के बाद डॉक्टर उन्हें कमोड में डिस्पोज करने लगा। हालांकि पड़ोसियों को उसके घर से अजीब सी बदबू आने लगी, शक होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो डॉक्टर कमर के नीचे के हिस्से को ठिकाने लगाता हुआ बाथरूम में मिला। पुलिस अब सीवेज लाइन खुदवाकर शव के बाकी हिस्सों का पता लगाएगी।