IANS News

कमलनाथ के बयान की चौतरफा आलोचना

 नई दिल्ली, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)| बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं द्वारा मध्य प्रदेश में स्थानीयों के मुकाबले नौकरियां हासिल कर लेने के बयान के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को मंगलवार को गठबंधन के अपने साथियों समेत कई राजनीतिक पार्टियों की तरफ से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

  राजनीतिक दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से इस मामले पर स्पष्टीकरण की मांग की। भारतीय जनता पार्टी ने राहुल एवं कमलनाथ पर निशाना साधा और कांग्रेस पर ‘विभाजनकारी राजनीति’ में संलिप्त होने का आरोप लगाया।

इस बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अनभिज्ञता जाहिर की और कहा कि वह मामले के संबंध में चर्चा करेंगे और फिर मीडिया को बताएंगे।

कमलनाथ के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया।

विजयवर्गीय ने कहा, “कमलनाथ का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था और यह उन पर नहीं जंच रहा है कि वह जहां जन्मे हैं, वहीं के लोगों के विरुद्ध बोलें। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र को लड़ाकर विभाजनकारी राजनीति करना चाहती है।”

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी कमलनाथ और राहुल गांधी से माफी की मांग की।

सिंह ने कहा, “मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि वह संघवाद में विश्वास करते हैं या नहीं। कमलनाथ और राहुल गांधी दोनों को देश से, खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।”

सिंह ने कहा कि कमलनाथ, एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे की भाषा में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग जहां भी जाते हैं,अपना योगदान देते हैं।

वहीं विदेश राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह स्वीकार्य नहीं है, जबकि रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि कमलनाथ उत्तर प्रदेश से हैं और पश्चिम बंगाल में व्यापार करने के बाद मध्य प्रदेश में जाकर बस गए।

कमलनाथ ने सोमवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद कहा था कि मध्य प्रदेश के जो उद्योग सरकार से सुविधाएं प्राप्त करते हैं, उन्हें 70 प्रतिशत स्थानीय नौजवानों को नौकरियां देनी होंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग यहां नौकरियां पा लेते हैं और स्थानीय नौजवान नौकरियों से वंचित रह जाते हैं।

सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, “जो कमलनाथ ने कहा है, वह बहुत गलत है। पहले उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को महाराष्ट्र में निशाना बनाया गया और अब मध्य प्रदेश में भी वही हो रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोज झा ने कहा कि कमलनाथ का बयान ‘आइडिया आफ इंडिया’ के खिलाफ है। मैं कांग्रेस नेताओं से ऐसी बातों से दूर रहने का आग्रह करूंगा।

कांग्रेस सांसद सुष्मिता देब ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कमलनाथ मुद्दे पर अपना स्पष्टीकरण देंगे और कहा कि वह जानती हैं कि कमलनाथ कभी भी इस तरह नहीं बोल सकते।

=>
=>
loading...