IANS News

अजीम प्रेमजी को मिला फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

बेंगलुरू, 28 नवंबर (आईएएनएस)| दुनिया में सॉफ्टवेयर की प्रमुख कंपनी विप्रो के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया है। भारत में फ्रांस के राजदूत अलेक्जेंडर जिग्लर ने बुधवार को प्रेमजी को यहां फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘शेवलियर दे ला लीजन द ऑनर (नाइट ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर)’ से सम्मानित किया।

जिग्लर ने कहा, “प्रेमजी को यह सम्मान भारत के सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग, फ्रांस में उनके आर्थिक कार्य और बतौर परोपराकारी अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के जरिए समाज को उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया है।”

द लीजन ऑनर की शुरुआत 1802 में नेपोलियन बोनापार्ट ने की थी। यह फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो किसी भी देश के नागरिक को फ्रांस की उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।

प्रेमजी ने इस अवसर पर कहा, “मुझे प्रदान किए गए अवार्ड से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। फ्रांस के लोकतंत्र की गूंज और उसकी विविधता दुनिया में सबके लिए प्रेरणादायी है।”

बेंगलुरू के 73 वर्षीय अरबपति उद्योगपति की कुल संपत्ति 15.6 अरब डॉलर है और उन्होंने आठ अरब डॉलर दान में दिया है जो दुनिया में पांचवीं सबसे बड़ी दान की रकम है।

फ्रांस के साथ विप्रो का संबंध पिछले 15 साल से अधिक समय से है और फ्रांस की कई कंपनियां व संगठन इसके ग्राहक हैं। फ्रांस में कंपनी के करीब 65 फीसदी कर्मचारी स्थानीय नागरिक हैं।

 

=>
=>
loading...