IANS News

सिंहदेव पर राहुल गांधी भी भरोसा करते हैं : सिद्धू

 रायपुर, 18 नवंबर (आईएएनएस)| पंजाब कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने छत्तीसगढ़ में दूसरे दौर के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रविवार को अंबिकापुर में यहां से कांग्रेस विधायक और नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव की प्रशंसा करते हुए इशारों में उन्हें मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बताते हुए कहा कि उन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी भरोसा करते हैं।

  सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस के जन घोषणापत्र तैयार करने में सिंहदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उन पर काफी भरोसा करते हैं।

उन्होंने टी.एस.बाबा के नाम से मशहूर सिंहदेव को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच टी.एस.बाबा लोकप्रिय नेता हैं और कांग्रेस का जन घोषणापत्र भी उन्हीं की देन है। राहुल गांधी भी अपने सीएलपी नेता पर पूरा भरोसा रखते हैं। ऐसे में अंबिकापुर के लोगों को बड़े भाई टी.एस.देव को भारी मतों से जिताना चाहिए।

सिद्धू ने रमन सरकार और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा और नोटबंदी से लेकर हाल ही में सरदार पटेल की प्रतिमा मुद्दे पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा हमेशा समाज के हर वर्ग के समग्र विकास और जनहित से प्रेरित रही है।

कांग्रेस के स्टार प्रचारक सिद्धू के शायराना अंदाज को सुनने के लिए लोगों का भारी हुजूम रैली में मौजूद दिखा।

=>
=>
loading...