मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो भाई चार साल तक अपनी सगी बहन से ही रेप करते रहे। इतना ही नहीं दोनों भाई मुंह खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी भी देते थे। बहन भी लोकलाज के डर से ये सब बर्दाश्त करती रही लेकिन जब बात हद से आगे बढ़ गई तो वह आरोपी भाइयों की करतूत मोबाइल में कैद कर मदद के लिए एक एनजीओ के पास पहुंची। जहां से दोनों दरिंदों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सिविल लाइन्स थाना इलाके के पांडव नगर में रहने वाली 15 वर्षीया लड़की बुधवार को अपने दो भाइयों पर चार साल से रेप करने का आरोप लगाकर जब एनजीओ पहुंची तो सबके होश उड़ गए। वहां से तुरंत पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, उसके दो सगे भाई धर्मेश और प्रशान्त पिछले 4 साल से उसके साथ बलात्कार कर रहे थे। विरोध करने पर मां को जान से मारने की धमकी देने के साथ दोनों उससे मारपीट भी करते थे। पीड़िता ने बताया कि मेरे पिताजी दिल के मरीज थे। पिछले साल ही उनकी मौत हुई है। घर पर मां और दो भाई हैं। मानसिक और शारारिक रुप से बहुत ज्यादा पीड़ित होने के बाद मैं मेरठ की सामाजिक संस्था सर्वोदय के पदाधिकारियों से मिली। संस्था का साथ मिलने के बाद फिर मैंने हिम्मत करके पुलिस को घटना के संबंध में बताया।