Entertainment

शाहरुख़ फ़ोर्ब्स की इंडिया सेलिब्रिटीज 100 सूची में शीर्ष

शाहरुख़ फ़ोर्ब्स की इंडिया सेलिब्रिटीज 100 सूची में शीर्षमुंबई, 11 दिसम्बर| बॉलीवुड के ‘बादशाह’ शाहरुख खान कमाई के मामले में एक बार फिर शीर्ष स्थान पर काबिज हो गए हैं। फोर्ब्स ने इंडिया सेलिब्रिटी 100 लिस्ट-2015 में उन्हें पहले स्थान पर रखा है। वह अभिनेता सलमान खान को पछाड़कर शीर्ष पर काबिज हुए हैं। एक बयान में कहा गया कि सुपरस्टार सलमान खान इस साल पहले स्थान से फिसलकर दूसरे पायदान पर आ गए हैं। महानायक अमिताभ बच्चन तीसरे स्थान पर हैं, जो पिछले साल दूसरे नंबर पर थे। वहीं, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी चौथे स्थान पर बरकरार हैं।

शाहरुख की इस साल की कुल कमाई करीब 257.5 करोड़ रुपये बताई गई है। यह फोर्ब्स के चार सालों के इतिहास में इंडिया सेलिब्रिटी 100 लिस्ट में शामिल किसी भी सेलिब्रिटी की कमाई से सबसे ज्यादा है।

सेलिब्रिटी 100 लिस्ट में शामिल सभी को मिलाकर कुल आय 2819 करोड़ रुपये होती है, इसमें शाहरुख की आय नौ फीसदी के करीब है।

फोर्ब्स की इस सूची में फिल्म स्टार, टेलीविजन कलाकार, खिलाड़ी, लेखक, फिल्म निर्देशक, संगीत निर्देशक, गायक और हास्य कलाकार शामिल हैं। सेलिब्रिटी की सकल कर पूर्व (प्री-टैक्स) कमाई को उनकी शोहरत से जोड़कर फोर्ब्स इंडिया सेलिब्रिटी 100 लिस्ट बनाई गई है।

अभिनेता आमिर खान पहली बार इस सूची में शीर्ष पांच में जगह बनाने में सफल रहे हैं। फिल्म ‘पीके’ और विज्ञापनों की बदौलत इस साल उनकी कमाई करीब 104.25 करोड़ रुपये रही।

इस साल की सूची में 14 नए नाम भी शामिल हैं। इनमें क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन (31वें पायदान), फिल्मकार एस.एस. राजामौली एवं अभिनेता प्रभाष (बाहुबली) भी शामिल हैं।

=>
=>
loading...