IANS News

ओडिशा, आंध्रप्रदेश में चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी

भुवनेश्वर, 20 सितम्बर (आईएएनएस)| भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को ओडिशा और आंध्रप्रदेश के लिए चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी की।

आईएमडी ने एक बयान में कहा कि अगले 12 घंटे के दौरान बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और पूर्वी-मध्य के ऊपर बनने वाला दबाव चक्रवाती तूफान का रूप धारण कर सकता है।

बयान के अनुसार, पश्चिम-मध्य और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र बीते छह घंटों में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा की ओर पहुंच गया है। यह गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है और तटीय आंध्रप्रदेश के कलिंगापतनम के 310 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 300 किलोमटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में केंद्रित है।

बयान के अनुसार, इस दबाव क्षेत्र के अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। चक्रवाती तूफान की गति 60-70 किलोमीटर से 80 किलोमीटर तक रहने की आशंका है।

इस दौरान ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही दक्षिण ओडिशा के दूरदराज के इलाके और उत्तरी तटीय आंध्रप्रदेश में भी अत्यधिक तेज बारिश हो सकती है।

तूफान से आंध्रपदेश के विशाखापत्तनम व श्रीकाकुलम और ओडिशा के गजपति, गंजम, खुर्दा, नयागढ़ और पुरी जिले में नुकसान पहुंचने की आशंका है।

=>
=>
loading...