IANS News

भाजपा का ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान विशिष्ट लोगों तक सीमित : सपा

लखनऊ, 10 अगस्त (आईएएनएस)| समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह केवल विशिष्ट लोगों तक सीमित है। यह जनता की आंख में धूल झोंकने का काम है। सपा ने यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री ने गंगा मां का बहुत नाम जपा लेकिन आज तक वाराणसी में गंगा निर्मल नहीं हो पाई।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की हर महीने साइकिल यात्रा की घोषणा के तहत पहली यात्रा ठठियामंडी से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की हवाईपट्टी तक होगी।

उन्होंने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जल्द ही कन्नौज की ठठियामंडी से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी तक साइकिल यात्रा करेंगे। 50 किलोमीटर की इस यात्रा को खजांची परिवार हरी झंडी दिखाएगा। पार्टी जल्द ही यात्रा की तारीख घोषित करेगी।

गौरतलब है नोटबंदी के दैरान बैंक की लाइन में लगी महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था, तब अखिलेश यादव ने उसका नाम खजांची रखा था। यही खजांची अपने परिवार के साथ यात्रा के दौरान एक्सप्रेस-वे पर मौजूद रहेगा।

उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव गरीबों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों और अधिवक्ताओं की समस्याएं जानेंगे। यह यात्रा जनजागरण की नई भूमिका में होगी। वर्ष 2012 में अखिलेश यादव ने साइकिल यात्राओं से प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की हवा बहाकर सत्ता परिवर्तन किया था।

=>
=>
loading...