IANS News

उप्र में ईद की धूम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लखनऊ,16 जून (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्यभर के सभी जिलों में शनिवार को ईद का त्योहार हर्ष और उल्लास से मनाया जा रहा है। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक ने ईद की बधाई दी। इस बीच पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईद को देखते हुए सभी ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

ईदगाह पर राज्यपाल रामनाईक के अलावा उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी पहुंचे।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने देशभर के मुसलमानों को ईद की बधाई दी।

ईद-उल-फितर की नमाज के लिए ईगदाहों और मस्जिदों में अल्लाह के सजदे में लाखों लोगों ने सिर झुकाए । गोरखपुर शहर की सभी सात ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की गई। इसके अलावा शहर की मस्जिदों में भी ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ी गई।

राजधानी के शहर-ए-काजी मुती वलीउल्लाह ने कहा, ईदगाह का अर्थ होता है खुशी की जगह या खुशी का वक्त। यह ऐसी जगह है जहां पर बंदा दो रकात नमाज पढ़ कर अल्लाह का शुक्र अदा करता है। मुसलमानों के दो सबसे बड़े त्योहारों ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा की खुशी ईदगाह में ही मनाई जाती है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईद के मुबारक मौके पर ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। धार्मिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है। कानपुर, वाराणसी, मेरठ, लखनऊ सहित कई शहरों में सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

=>
=>
loading...