IANS News

राजद सांसद मीसा ने नई-नवेली भाभी संग मनाया जन्मदिन

पटना, 22 मई (आईएएनएस)| राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद की पुत्री और सांसद मीसा भारती ने अपने जन्मदिन के एक दिन पूर्व ही अपना जन्मदिन अपनी नई-नवेली भाभी ऐश्वर्या और भाई तेजप्रताप यादव के साथ मनाया।

राजद के एक नेता के मुताबिक, लालू प्रसाद अपना इलाज कराने मंगलवार शाम मुंबई जाने वाले हैं और उनके साथ मीसा भारती भी जाएंगी। यही कारण है कि मीसा ने अपना जन्मदिन 22 मई के बजाय 21 मई की शाम को ही मना लिया।

मीसा सोमवार की शाम भाई तेज प्रताप अपनी नई भाभी ऐश्वर्या समेत सभी बच्चों के साथ केक काटा। मीसा भारती ने केक काटने की तस्वीर भी अपने फेसबुक वॉल पर शेयर की है। इस तस्वीर में मीसा अपनी भाभी ऐश्वर्या को केक खिलाती भी नजर आ रही हैं।

तेजप्रताप ने भी मीसा के जन्मदिन की तस्वीर ट्विटर पर शेयर करते हुए अपनी दीदी को जन्मदिन की बधाई दी है।

लालू के साथ मीसा भारती और विधायक भोला यादव के भी मुंबई जाने की संभावना है। लालू प्रसाद मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में इलाज कराएंगे, जहां कुछ साल पहले उनकी बाइपास सर्जरी हुई थी। इसके बाद वे किडनी के इलाज के लिए बेंगलुरू भी जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि चारा घोटाले के मामले में लालू प्रसाद सजायाफ्ता हैं। इलाज के लिए न्यायालय ने उन्हें छह सप्ताह की औपबंधिक जमानत दी है। इससे पहले उनका इलाज रांची के रिम्स और दिल्ली के एम्स में चला था।

=>
=>
loading...