IANS News

भारत अक्षमताओं से नहीं, संभावनाओं से भरा हुआ : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)| केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर दिल्ली में ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत ‘अक्षमताओं से नहीं, बल्कि संभावनाओं से भरा’ हुआ है। गृह मंत्री ने कहा, “अपने कार्यालय में बैठकर जब मैं दीवार पर टंगी सरदार वल्लभ भाई पटेल की फोटो को देखता हूं तो मुझे लगता है कि हम अक्षमताओं से नहीं, बल्कि संभावनाओं से भरे हुए हैं।”

स्वतंत्रता के बाद भारत की एकता के लिए पटेल की भूमिका को सराहते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्र 562 राजशाहियों को भारतीय संघ में मिलाने के लिए उनका ऋणी है।

मंत्री ने कहा, “यह भारत की रक्तहीन क्रांति थी। उन्होंने अपनी दृढ़ता के बल पर महज 70 दिनों में यह मुश्किल काम पूरा किया। अगर वह इन राज्यों को भारतीय संघ में नहीं मिलाते तो देश की मौजूदा स्थिति अलग होती। हमें इन राज्यों में जाने के लिए वीजा की जरूरत होती।”

राजनाथ ने कहा, “पटेल, महात्मा गांधी के महान समर्थक थे। गांधी नीतियां बनाया करते थे और पटले उसे वास्तविकता में बदल देते थे। वह भारत देश के महान संरक्षक थे..वह एकता के प्रतीक के तौर पर जाने जाएंगे।”

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पटेल द्वारा दिखाए मार्ग पर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री उसी राज्य से आते हैं जहां पटेलजी का जन्म हुआ था। वह महात्मा गांधी और पटेल के आधुनिक भारत के सपने को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।”

ध्यानचंद स्टेडियम से इंडिया गेट तक एक किलोमीटर की दौड़ में सात से 70 साल की उम्र के बीच के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल, पांच बार वल्र्ड बॉक्सिंग चैम्पियन मैरी कॉम, जिमनास्टिक खिलाड़ी दीपा करमाकर भी मौजूद रहीं।

इससे पहले गृह मंत्री ने सरदार पटेल की 143वीं जयंती के अवसर पर पटेल चौक स्थित सरदार पटेल की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, हर्षवर्धन, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, हरदीप सिंह पुरी और आर.के.सिंह भी मौजूद थे।

 

=>
=>
loading...