IANS News

ताइवान एक्सपो मई में, नवीनतम तकनीक के दिखेंगे जलवे

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)| भारत और ताइवान के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यहां प्रगति मैदान के हॉल संख्या 11 में 17 मई से 19 मई तक तीन दिवसीय ‘ताइवानएक्सपो’ का आयोजन किया जा रहा है। इस एक्सपो में ताइवान की नवीनतम उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया गया है।

टीएआईटीआरए के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी वॉल्टर एमएस येह ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ताइवान एक्सपो के आयोजन का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना है, जिसमें ताइवान की अत्याधुनिक तकनीक और औद्योगिक अनुभवों के जरिए अलग-अलग औद्योगिक लाभ व कार्यक्षेत्र के बीच परस्पर सहयोग को बढ़ाया जा सके। यह बहुत सुखद पहलू है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और ताइवान के बीच व्यापार और आर्थिक संबंध बढ़ते गए हैं। जहां वर्ष 2000 में दोनों देशों के बीच 1.2 अरब डॉलर का व्यापार था, वहीं वर्ष 2016 में यह बढ़कर छह अरब डॉलर तक पहुंच गया। इतना ही नहीं विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहीं करीब 90 ताइवानी कंपनियां भारत की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत की ‘पूर्व को जोड़ो’ नीति और ताइवान की दक्षिणबंध नीति को परस्पर जोड़ने के लिए सहयोग के एक मंच की भी जरूरत है।

गौरतलब है कि ताइवान के अग्रणी व्यापार प्रचार संगठन ताइवान विदेश व्यापार विकास परिषद (टीएआईटीआरए) की ओर से पहली बार भारत में इस तरह के मेले का आयोजन किया गया है।

टीएआईटीआरए के अनुसार, इंडोनेशिया, वियतनाम, थाईलैंड और मलेशिया के अलावा भारत उन पांच देशों में से एक है, जहां इस साल ताइवान एक्सपो आयोजित किया गया है। आसियान देशों में ताइवान एक्सपो आयोजन की शुरूआत पिछले साल की गई थी।

येह ने कहा, नई दिल्ली में प्रस्तावित इस ताइवान एक्सपो में विभिन्न विषयों पर आठ मंडपों के जरिए ताइवान की आधुनिकतम तकनीकों, पर्यावरण मित्र उत्पादों और उद्योग कौशलों की जानकारी दी जाएगी। इसमें आठ विशेष उद्योग क्षेत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो हरित उत्पादों, स्मार्ट सिटीज, ईवी अलायंस (इलेक्ट्रिक वाहन संबंधी गठबंधन), स्वास्थ्य देखभाल संबंधी सेवाओं, पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण तंत्र, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, खेल, कृषि, सूचना व संचार प्रौद्योगिकी संबंधी उत्पादों, मेंडरिन शिक्षा और व्यापार सेवा सहित उद्योग को विस्तार देने वाली सेवाओं के प्रति समर्पित होंगे। इस बहुप्रतीक्षित व्यापार मेले में ताइवान से करीब 130 प्रदर्शक शामिल होंगे, जो उच्च क्षमता वाले उत्पादों और सेवाओं को पेश करेंगे।

=>
=>
loading...