Top NewsUttar Pradesh

एंटी रोमियो स्क्वाड करेगा माताओं-बहनों की सुरक्षा : शाह

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। गन्ना किसानों का 14 दिन के अंदर भुगतान होगा। भू-माफियाओं को उल्टा टांग कर सही किया जाएगा और एंटी रोमियो स्क्वाड माताओं-बहनों की सुरक्षा करेंगे।
बस्ती में सोमवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हमने तय किया है कि भाजपा की सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। गन्ना किसानों का 14 दिन के अंदर भुगतान होगा। भू-माफियाओं को उल्टा टांग कर सही कर देंगे और एंटी रोमियो स्क्वाड बनाकर माताओं-बहनों की सुरक्षा करेंगे।”

अमित शाह ने दावा किया कि उप्र में भाजपा दो तिहाई बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि 11 मार्च को मतगणना के बाद परिवारवाद और जातिवाद का खात्मा होगा। 15 साल से चल रहे बुआ-भतीजे के खेल का खात्मा होगा और अच्छे दिन की शुरुआत हो जाएगी।

उन्होंने कहा, “रविवार को तीसरे चरण के मतदान के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बुझा चेहरा बता रहा था कि वह जान गए हैं कि उप्र में भाजपा की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनने जा रही है।”

उन्होंने कहा, “आपके गांव घर में 24 घंटे बिजली आती है क्या, धान खरीदा जाता है क्या, गन्ने का पेमेंट होता है क्या, यदि ऐसा नहीं हो रहा है तो उत्तर प्रदेश में सरकार बदलनी होगी। अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन बन गया है। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक दलों में अपराधियों का बोलबाला है। उत्तर प्रदेश की माताओं बहनों की सुरक्षा खतरे में है। प्रदेश में परिवारवाद बढ़ रहा है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये प्रति साल दिए गए। उस धन को कौन ले गया, चाचा या भतीजा?

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि साठ साल में आपके परिवार ने देश को सिर्फ बर्बाद किया। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं, “हम बदल गए हैं, सुधर गए हैं। अपराधी व दुराचारी और भ्रष्टाचारी उनकी पार्टी में हैं। दुष्कर्म के आरोपी गायत्री प्रजापति की चुनावी जनसभा के लिए मुख्यमंत्री स्वयं वहां गए हैं।”

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar