National

छग : मुख्यमंत्री ने पहनी खुमरी, उठाया हल

रायपुर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस/वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह का भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रविवार को जोरदार स्वागत किया गया।

वे यहां कार्य समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे थे। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अपने मुखिया को खुमरी पहनाया और हल थमाकर स्वागत किया।
धान का बोनस दिए जाने के बाद प्रदेश भर से आ रही अच्छी रिपोर्ट से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का अभिनंदन किया। वहीं कार्यकर्ताओं ने भी माना कि धान के बोनस के बाद छत्तीसगढ़ में किसान ही नहीं, बल्कि राज्य के सियासी हालात भी बदले हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने वीएनएस से कहा कि किसानों के दुख से डॉ. रमन सिंह भी काफी चिंतित थे। उन्होंने किसानों को बोनस दिलाने के लिए लगातार प्रधानमंत्री और अमित शाह से मुलाकात करते रहे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने भी जोर लगाया। यही वजह थी कि संकट के समय में किसानों को धान का बोनस मिल गया। इससे दीपावली के बाजार में रौनक आ गई। सरकार ने सिर्फ किसानों का ही नहीं, हर वर्ग का ख्याल रखा।

मंत्रियों के जिला प्रवास के बारे में प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सभी प्रभारी मंत्रियों को उनके जिलों में जाकर आम जनता से चर्चा करना। उनकी समस्याओं को सुनना और समझ कर उसका निराकरण करना होगा। बैठक में 65 सीटों पर मजबूत प्रत्याशियों को खड़े करने की रूपरेखा भी बनाई जाएगी। इसके अलावा कई अन्य मामलों पर भी चर्चा होगी।

वहीं जानकार सूत्रों का तो ये भी मानना है कि इस बैठक में रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की भी कोशिश की जाएगी।

बैठक के पूर्व ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल चुनाव होना है। इसी बात को लेकर पूरी तैयारी की जाएगी। राष्ट्रीय कार्यसमिति में लिए गए निर्णयों पर बात होगी। जिला स्तर पर कार्यक्रम तय होगा। तीन महीने की कार्य योजना बनेगी। राजनीतिक प्रस्ताव में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

=>
=>
loading...