लखनऊ। यूपी के बलिया में यूपी पुलिस के सिपाही ने खाकी को दागदार कर दिया। रक्षक से भक्षक बने इस पुलिस वाले ने पुलिस चौकी में ही एक नाबालिग बच्ची से रेप किया। जब बच्ची के पिता को इस बात की जानकारी हुई तो उसकी सदमे से मौत हो गई। लोगों के गुस्से को देखते पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जिले के रेवती थानाक्षेत्र के गोपालनगर पुलिस चौकी पर धरम सिंह नामक सिपाही एक साल से तैनात है। ग्रामीणों ने शुक्रवार रात चौकी की छत से किसी बच्ची के रोने की आवाज़ें सुनी। इसके बाद बड़ी संख्या में इकठ्ठा हुए ग्रामीण सीधे चौकी में घुसते हुए छत पर पहुंच गए। वहां का नजारा देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। आरोपी सिपाही गांव की एक 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर लाने के बाद आपत्तिजनक हरकत कर रहा था।
गांव के लोगों ने इसके बाद सिपाही व किशोरी को छत से नीचे उतारा। सिपाही की जमकर पिटाई की। इस घटना की जानकारी होने पर किशोरी के 60 वर्षीय पिता ने सदमे से दम तोड़ दिया। इस दौरान मौक़ा पाकर आरोपी सिपाही वहां से फरार हो गया। हालांकि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के चाचा की तहरीर पर रेवती पुलिस ने सिपाही के खिलाफ कई धाराओं के अलावा पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सुजाता सिंह ने सिपाही को तत्काल सस्पेंड भी कर दिया।