Regional

हैदराबाद में इमारत ढहने से चार की मौत

हैदराबाद, इमारत ढहने, मलबा, बहुमंजिला, मौत

 

हैदराबाद, इमारत ढहने, मलबा, बहुमंजिला, मौत

हैदराबाद| हैदराबाद में गुरुवार देर रात एक बहुमंजिला निर्माणधीन इमारत के ढहने से चार व्यक्तियों की मौत हो गई। 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। बचाव कर्मियों ने शुक्रवार सुबह चार लोगों के शव बरामद किए। हादसे के 12 घंटे बाद भी मलबा हटाने का काम जारी है।

मृतकों में शामिल एक महिला और उसकी बेटी का ताल्लुक विजयनगरम से और एक पुरुष का छत्तीसगढ़ से है।जब इमारत ढही उस दौरान आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले और छत्तीसगढ़ के मजदूर सोए हुए थे।मलबे में से रेखा और उसके तीन साल के बेटे दीपक को जिंदा बचा लिया गया है। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह छत्तीसगढ़ से हैं।

राहत कार्य पूरी रात जारी रहा, लेकिन शुक्रवार की सुबह इसमें तेजी आई।राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम पुलिस और दमकल कर्मियों के साथ बचाव कार्य में जुटी हुई है।

नगर प्रशासन मंत्री के.टी. रामा राव ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों को बेहतरीन चिकित्सा इलाज मुहैया कराएगी।

उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।मंत्री ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के एक उपायुक्त और सहायक नगर योजना अधिकारी को निलंबित कर दिया।

उन्होंने कहा कि बिल्डर को निर्माण की इजाजत नहीं थी। उसके और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने मामले में फरार बिल्डर सत्यनारायण के खिलाफ मामला दर्ज किया है।ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) अधिकारियों ने कहा कि 6 मंजिला इमारत का निर्माण सभी मानकों का उल्लंघन कर किया जा रहा था।

=>
=>
loading...