Top NewsUttar Pradesh

सपा की तीसरी लिस्ट जारी, लखनऊ से मुलायम की छोटी बहू प्रत्याशी

अपर्णा यादव, सपा की तीसरी लिस्ट, 37 अन्यत सीटों पर उम्मीकदवारों की घोषणा, मुलायम सिंह यादवaparna yadav
अपर्णा यादव, सपा की तीसरी लिस्ट, 37 अन्यत सीटों पर उम्मीकदवारों की घोषणा, मुलायम सिंह यादव
aparna yadav

लखनऊ। कांग्रेस से गठबंधन के बाद सपा (समाजवादी पार्टी) ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी की है। तीन सीटों पर प्रत्‍याशी बदले गए हैं जबकि 37 अन्‍य सीटों पर उम्‍मीदवारों की घोषणा की गई है।

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्‍नी अपर्णा यादव लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ेंगी। बीजेपी की ओर से यहां वर्तमान विधायक रीता बहुगुणा जोशी उम्मीदवार हैं। यह सीट कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन रीता के बीजेपी में जाने के बाद समीकरण बदल चुका है।

सपा ने 191 कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट जारी की थी। दूसरी लिस्ट में 18 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। तीसरी लिस्ट जारी होने के साथ ही समाजवादी पार्टी ने 403 विधानसभा सीटों में से अब कुल 246 सीटों पर अपने कैंडिडेट्स को लेकर स्थिति साफ कर दी है।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने बताया कि सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र से गुफरान अहमद के स्थान पर अब्दुल शहनवाज खान को टिकट दिया गया है। लखीमपुरखीरी के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के प्रत्याशी राम शरण के स्थान पर अब मीरा बानो को उतारा गया है। फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज सीट पर अमित कुमार कठेरिया से टिकट वापस लेकर पार्टी ने सुरभी पर भरोसा जताया है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने रविवार शाम को गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया था। सपा के यूपी अध्यक्ष नरेश उत्तम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि समाजवादी पार्टी 298 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

=>
=>
loading...