ओसाका (जापान)| भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान की तीन दिवसीय यात्रा समाप्त कर शनिवार को स्वदेश रवाना हो गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर कहा, “सायोनारा (अलविदा) जापान! दोनों देशों के बीच दोस्ती मजबूत हुई। मोदी ओसाका से दिल्ली के लिए रवाना।”
मोदी भारत-जापान वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार को जापान पहुंचे थे।शिखर सम्मेलन के बाद दोनों पक्षों के बीच 10 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इसमें ऐतिहासिक नागरिक परमाणु समझौता भी शामिल रहा। मोदी ने भारत-जापान बिजनेस लीडर्स फोरम में भी शिरकत की और कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) और जापान कारोबार संघ द्वारा आयोजित बैठक को संबोधित किया।
मोदी शनिवार को आबे के साथ टोक्यो से शिंकनसेन हाईस्पीड बुलेट रेल का दौरा कर कोबे पहुंचे और कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज संयंत्र का दौरा किया।मोदी ने टोक्यो और कोबे में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद पिछले दो वर्षों में यह मोदी की दूसरी जापान यात्रा रही।