Regional

मुंबई हमले के शहीदों, पीड़ितों को याद किया गया

आतंकवादी हमले, पुलिस जिमखाना, राज्यपाल सी. वी. राव, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पुलिस महानिदेशक सतीश माथुरMumbai Attack
आतंकवादी हमले, पुलिस जिमखाना, राज्यपाल सी. वी. राव, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पुलिस महानिदेशक सतीश माथुर
Mumbai Attack

मुंबई | मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए आतंकवादी हमले की आठवीं बरसी पर शनिवार को शहीदों व पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई। इस हमले को 10 पाकिस्तानी आंतकवादियों ने अंजाम दिया था, जिसमें 166 लोगों की जान चली गई थी।

घटना की याद में आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन पुलिस जिमखाना में किया गया, जहां महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. वी. राव ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इस आतंकवादी वारदात में जान गंवाने वाले सभी लोगों को राज्य की ओर से श्रद्धांजलि दी।

इस स्मृति समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पुलिस महानिदेशक सतीश माथुर, मुंबई पुलिस आयुक्त दत्ता पदसालगिकर और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

समारोह में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे, मुंबई के पालक मंत्री सुभाष देसाई सहित कई सांसदों व विधायकों ने भाग लिया।

इस स्मृति कार्यक्रम में 26/11 हमले के शहीदों एवं पीड़ितों की विधवाओं, अनाथों व परिवार के अन्य सदस्यों को आमंत्रित किया गया था।

पूर्व शीर्ष पुलिस अधिकारी जूलियो एफ. रिबेरो, आर.एच. मेंडोसा, डी. शिवानंदन और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादी अरब सागर के रास्ते कोलाबा समुद्रतट पहुंचे थे और उन्होंने दक्षिणी मुंबई के कई इलाकों में हमले किए थे।

हमलावरों के खिलाफ कई सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर अभियान चलाया था, जो 26 नवंबर (बुधवार) की रात से 29 नवंबर, 2008 (शनिवार) की सुबह लगातार लगभग 60 घंटे तक चला था।

शहीदों व पीड़ितों की याद में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, होटल ताज महल पैलेस एंड टावर, होटल ट्राइडेंट-ओबेरॉय, नरीमन हाउस-छाबड़ हाउस और अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके पहले अंजुमन-ए-इस्लाम स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां अखिल भारतीय आतंकवाद निरोधक मोर्चा के अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा, अभिनेता सोनू सूद, महाराष्ट्र एटीएस प्रमुख अतुल कुलकर्णी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हमले में शहीद पुलिस अधिकारियों के परिवारों को ट्रॉफी से सम्मानित किया। इस दौरान स्कूल में लगभग 20,000 विद्यार्थी मौजूद थे।

होटल ताज महल पैलेस ने द सी हॉक्स और विंग कमांडर परमवीर सिंह के साथ मिलकर 1000 किलोमीटर लंबी तैराकी की शुरुआत की, जिसका मकसद इस श्रेणी में मौजूदा विश्व रिकॉर्ड तोड़ना है।

कांग्रेस के पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े ने मीठीबाई कॉलेज से जुहू बीच पर स्थित गांधी स्मारक तक 2.5 किलोमीटर तक यूथ वाक का आयोजन किया, जिसमें 2000 से अधिक विद्यार्थियों और पूर्व क्रिकेटर करसन घावरी, इरफान खान, संजय छैल, समीर सोनी, इमाम सिद्दीकी जैसी हस्तियों ने भाग लिया।

मुंबई के लोकप्रिय डब्बावालों ने गिरगांव चौपाटी से अजाद मैदान तक रैली आयोजित की, जिसमें हजारों टिफीन बॉक्स ढोनेवाले और आम जनता ने भाग लिया।

सरकारी ट्रस्ट और एनसीपीए ने ‘यूनिटी इन डाइवर्सिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें सभी ने एकसाथ जमशेद भाभा थियेटर में 26/11 के पीड़ितों को याद किया।

शहर में कई अन्य जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिंफोनी आर्केस्ट्रा द्वारा एक स्मृति संगीत समारोह, भरत एस. गकाई द्वारा नृत्य कार्यक्रम और वृत्त चित्र ‘हम सब एक हैं’ का प्रदर्शन किया गया।

 

=>
=>
loading...