NationalTop News

कानपुर रेल दुर्घटना : मृतकों की संख्या 100 के पार

कानपुर के पास पुखरायां, इंदौर-राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, मृतकों की संख्या 100 के पारtrain accident in kanpur
कानपुर के पास पुखरायां, इंदौर-राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, मृतकों की संख्या 100 के पार
train accident in kanpur

कानपुर| उत्तर प्रदेश में कानपुर के पास पुखरायां में रविवार सुबह इंदौर से पटना जा रही इंदौर-राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मृतकों की संख्या 100 के पार चली गई है।रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेलवे के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य को और तेज करने का निर्देश दिया।

हादसे में 150 से अधिक लोग घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस हादसे में अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। राहत कार्य में एनडीआरएफ को भी लगाया गया है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, रेलमंत्री सुरेश प्रभु जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचेंगे। इस बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर पीडितों की मदद करने की बात की है।रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त दिशानिर्देश देते हुए कहा है कि राहत और बचावकार्य को और तेज किया जाए। घायलों को तत्काल हरसंभव सुविधा दी जाए और लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

सिन्हा ने कहा कि पहली जिम्मेदारी है कि घायलों को अच्छा इलाज मुहैया कराया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इस हादसे की निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी फोन कर हादसे की जानकारी ली है।

सिन्हा ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। सभी वरिष्ठ अधिकारियों को दुर्घटनास्थल पर अतिशीघ्र हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के प्रति कठोरतम कार्रवाई की बात भी कही।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अभी भी कई यात्री डिब्बों में फंसे हुए हैं। हादसे की भयावहता को देखते हुए मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका है। इस हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई घायलों की हालत बेहद गंभीर और नाजुक बताई गई है।

यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। हालांकि, इन नंबरों पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। झांसी का हेल्पलाइन नंबर 0510-1072 है जबकि उरई का हेल्पलाइन नंबर 0516-21072 है।

कानपुर का हेल्पलाइन नंबर 0512-1072 है। इसके अतिरिक्त पुखरायां का हेल्पलाइन नंबर 05113-270239 है। कानपुर देहात जिला प्रशासन का हेल्पलाइन नंबर 0511-271050 है। एनडीआरएफ के अधिकारी आलोक सिंह के मुताबिक, हादसे की संख्या 100 से अधिक है। यहां से लोगों को नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

=>
=>
loading...