Top NewsUttar Pradesh

अमर सिंह बने सपा संसदीय बोर्ड के सदस्य

समाजवादी पार्टी, राज्यसभा सदस्य अमर सिंह, सपा संसदीय बोर्ड के सदस्य, प्रो.रामगोपाल यादवamar singh
समाजवादी पार्टी, राज्यसभा सदस्य अमर सिंह, सपा संसदीय बोर्ड के सदस्य, प्रो.रामगोपाल यादव
amar singh

धुरविरोधी रामगोपाल यादव ने जारी किया पत्र

लखनऊ। समाजवादी पाटी में कलह का कारण बताए जा रहे राज्यसभा सदस्य अमर सिंह को पार्टी के संसदीय बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस बाबत पत्र भी उनके धुरविरोधी माने जाने वाले पार्टी महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने जारी किया है।

समाजवादी परिवार में जारी घमासान की जड़ व परिवार में बाहरी बताए जाने वाले अमर सिंह को पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने संसदीय बोर्ड का सदस्य मनोनीत कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि अमर सिंह के मनोनयन का पत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्यसभा सदस्य प्रो.रामगोपाल यादव ने जारी किया है।

इससे पहले जब अमर सिंह को राज्यसभा सदस्य तथा राष्ट्रीय महासचिव मनोनीत किया गया था, तब पत्र पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने जारी किया था।

इस बार उनके धुर विरोधी माने जाने वाले प्रोफेसर रामगोपाल यादव से जारी कराया गया है। प्रो. रामगोपाल यादव ने लेटर में अमर सिंह को ‘ प्रिय, अमर सिंह जी’ लिख कर संबोधित किया है। साथ ही लिखा है कि मुझे उम्मीद है कि आपके अनुभव से और परिश्रम से पार्टी को फायदा पहुंचेगा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव बीते कई महीने से लगातार खुले मंच से अमर को पार्टी से निकाले जाने की मांग करते रहे हैं। यह दोनों नेता उन पर आरोप लगाते रहे हैं कि इन्हीं की वजह से पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के परिवार में मनमुटाव के हालात बने हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव लगातार राज्यसभा सांसद का बचाव करते रहते हैं, जबकि अखिलेश यादव औैर रामगोपाल यादव इनकी खिलाफत करते रहते हैं। पिछले दिनों अमर सिंह का विरोध करने के चलते प्रोफेसर रामगोपाल यादव को पार्टी से निकाल दिया गया था।

बाद में अखिलेश यादव की दखल के बाद सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने रामगोपाल यादव को दोबारा पार्टी में लाने की इजाजत दे दी थी। अमर सिंह को लेकर समाजवादी परिवार में रार एक बार फिर से बढ़ती नजर आ सकती है।

=>
=>
loading...