NationalTop News

मप्र में भाजपा का शहडोल, नेपानगर सीट पर कब्जा बरकरार

मध्य प्रदेश, शहडोल लोकसभा सीट, नेपानगर विधानसभा सीट, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव, भाजपाBJP
मध्य प्रदेश, शहडोल लोकसभा सीट, नेपानगर विधानसभा सीट, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव, भाजपा
                                            BJP

भोपाल | मध्य प्रदेश की शहडोल लोकसभा सीट और नेपानगर विधानसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। शहडोल लोकसभा सीट से ज्ञान सिंह और नेपानगर विधानसभा सीट से मंजू दादू ने जीत दर्ज की है। दोनों क्षेत्र अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, मंगलवार को हुई मतगणना में शहडोल संसदीय क्षेत्र में ज्ञान सिंह को 481,398 एवं इंडियन नेशनल कांग्रेस की हिमाद्री सिंह को 421,015 मत प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ज्ञान सिंह ने 60,383 मतों से जीत हासिल की है।

इसी तरह नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव में भाजपा की मंजू दादू ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस के अंतर सिंह बर्डे को 42,198 वोटों से पराजित किया। मंजू दादू को 99,626 एवं अंतर सिंह को 57,428 वोट प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल व नेपानगर में भाजपा उम्मीदवारों की जीत पर मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “यह सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और उनके धैर्य का प्रतिफल है।” राज्य के भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्घे ने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री चौहान को बधाई दी है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, शहडोल संसदीय क्षेत्र की मतगणना चार जिला मुख्यालयों और नेपानगर की मतगणना बुरहानपुर जिला मुख्यालय में हुई। शहडोल संसदीय क्षेत्र में कुल 17 उम्मीदवार और नेपानगर में चार उम्मीदवार मैदान में थे।

मतगणना सुबह आठ बजे भारी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच शुरू हुई और हर चक्र के बाद भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त बढ़ती गई। अंत में दोनों स्थानों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। दोनों सीटें भाजपा प्रतिनिधियों के निधन के कारण रिक्त हुई थी, और इसी कारण यहां उप-चुनाव हुए हैं।

दोनों सीटों के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। शहडोल संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में 66 प्रतिशत और नेपानगर विधानसभा में लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे।

राज्य के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन के कारण भाजपा ने जीत का जश्न नहीं मनाया। भाजपा के प्रदेश दफ्तर में प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, मुख्यमंत्री चौहान सहित संगठन के पदाधिकारी व सरकार के मंत्री पहुंचे और उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

 

=>
=>
loading...