Regional

ग्वालियर में आक्रोश मार्च के दौरान कांग्रेस नेता का निधन

नोटबंदी, जन आक्रोश मार्च, कांग्रेस, ग्वालियरM.P Congress
नोटबंदी, जन आक्रोश मार्च, कांग्रेस, ग्वालियर
M.P Congress

ग्वालियर | केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले से आम आदमी को हो रही परेशानी को लेकर कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को ग्वालियर में निकाले जा रहे जन आक्रोश मार्च के दौरान हृदयाघात से जिला (शहर) अध्यक्ष दर्शन सिंह (56) का निधन हो गया।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के महामंत्री अशोक सिंह तोमर ने संवाददाताओं को बताया कि सोमवार को कांग्रेस के जन आक्रोश मार्च में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दर्शन सिंह भी शामिल थे, तभी उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कांग्रेस के मुताबिक, दोपहर 12 बजे फूलबाग से जन आक्रोश मार्च शुरू हुआ था। कांग्रेस नेताओं ने संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उसके बाद दर्शन सिंह को सीने में दर्द हुआ और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष के निधन की खबर फैलते ही कांग्रेस जनों में शोक की लहर छा गई।

सोमवार को पूरे राज्य में जन आक्रोश पैदल मार्च निकाला गया। यह राजधानी भोपाल सहित जिला मुख्यालयों में निकाला गया।

कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च पीर गेट से शुरू होकर इब्राहिमपुरा, सुल्तानिया रोड, बुधवारा होते हुए लिली टाकीज (जहांगीराबाद) पर समाप्त होगा।

 

=>
=>
loading...