Regional

केंद्रीय जेल रायपुर में फिर कैदियों का हंगामा

jail_

रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में शुक्रवार सुबह फिर एक बार हड़कंप मच गया, जब प्रहरियों ने जेल के सुरक्षा आलार्म को बजाया। बैरक खोलकर जब कैदियों को बाहर निकाला गया तो वे हंगामा मचाने लगे तथा कैदियों ने प्रहरियों के साथ झूमाझटकी की। माहौल बिगड़ता देख प्रहरियों ने आनन-फानन में सुरक्षा आलार्म बजा दिया। तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल ने अंदर घुसकर स्थिति को काबू किया।
जेल उप महानिरीक्षक के.के. गुप्ता ने बताया कि जेल में दबिश के बाद कैदियों ने हंगामा किया, जिस पर हल्का बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि काफी देर के बाद माहौल शांत हुआ और अब स्थिति को काबू में कर लिया गया है।

गौरतलब है कि गुरुवार को जेल में जिला प्रशासन और पुलिस की दबिश के बाद अव्यवस्था के चलते जेल अधीक्षक को निलंबित किया गया। शुक्रवार सुबह फिर जेल प्रशासन ने दबिश दी। जेल में दी गई दबिश के बाद फिर से गांजा, हथियार, सिगरेट, लाईटर, चाकू के अलावा 100 और 500 के नोट भी जप्त किए गए।

उल्लेखनीय है कि जेल में हत्याकांड के बाद से जेल सुरक्षा पर सवालिया निशान लगने लगा था। गुरुवार को जेल अधीक्षक राजेन्द्र गायकवाड़ के निलंबन के बाद जेल उप महानिरीक्षक के.के. गुप्ता को जेल अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सुबह दी गई दबिश के कारण कैदियों ने हंगामा मचाया और प्रहरियों से झूमाझटकी भी हुई। आलार्म बजने से जेल अधिकारी और पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए और बलपूर्वक सभी कैदियों को उनकी बैरक में डाला गया। आज सभी बैरक की फिर से तलाशी हुई जिसमें मादक पदार्थ, हथियार और नोट बरामद किए गए।

हंगामा करने वाले और जेल के मैनुअल के खिलाफ काम करने वाले 70 कैदियों को 5 अन्य जेलों में शिफ्ट किया गया। कैदियों और प्रहरियों में हुई झुमाझटकी के कारण दो प्रहरियों को चोट आई है जिसके चलते दोनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जेल की स्थिति अभी काबू में है।

=>
=>
loading...
Dileep Kumar
the authorDileep Kumar